BHRNEWS

किसान चौपाल में किसानों को मिली जानकारी

पटना : बिहार के सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के पैगम्बरपुर गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। बनियापुर के प्रखंड कृषि पदाधिकारी  राम प्रसाद सिंह ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 20 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक राज्य के आठ हजार चार सौ पांच पंचायतों में किसान चौपाल लगायी जा रही है। इसमें किसानों को किसानों के हित में चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उपस्थित किसानों से श्री सिंह ने अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान किसान चौपाल में पा सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए नये तरीके से खेती करने की जानकारी बीईओ ने दी। उन्होंने कहा कि किसान कम लागत में नयी तकनीक से खेती कर आर्थिक स्तर पर मजबूत बन सकते हैं। चौपाल में किसानों को रबी फसल की भी जानकारी दी गयी। इस अवसर पर कृषि समन्वयक मनोज कुमार सिंह, हरेराम सिंह, किसान सलाहकार लाल बहादुर सिंह, इजहार आलम समेत अनेक किसान उपस्थित थे।

Leave a Comment