BHRNEWS

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी, दस फरवरी को होगा मतदान

लखनउ : विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गयी है। दस फरवरी से सात मार्च के बीच राज्य में सात चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में अट्ठावन विधानसभा सीटों के लिए दस फरवरी को मत डाले जायेंगे। जिनमें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित नौ सीट भी शामिल हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र ग्यारह जिलों- शामली, मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, गौतमबुद्ध नगर और मथुरा में स्थित हैं। पहले चरण के लिये नामांकन पत्र इक्कीस जनवरी तक भरे जायेंगे। नामांकन पत्रों की जांच चौबीस जनवरी को होगी, जबकि सत्ताइस जनवरी तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।

प्रदेश में पंद्रह करोड़ पांच लाख बयासी हजार सात सौ पचास मतदाता हैं, जिनमें दो लाख अट्ठानबे हजार सात सौ पैंतालीस सैन्यकर्मी हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या दस लाख चौंसठ हजार दो सौ छियासठ है। मतदाताओं में आठ करोड़ चार लाख बावन हजार सात सौ छियालीस पुरूष, छह करोड़ अट्ठानबे लाख बाइस हजार चार सौ सोलह महिला तथा आठ हजार आठ सौ तिरपन ट्रांसजेंडर हैं। विधानसभा में चौरासी सीटें अनुसूचित जाति और दो सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित हैं। वर्तमान में सदन में नौ सीटें रिक्त हैं। चार सौ तीन सीटों वाली राज्य विधानसभा के लिए मतदान हो रहा है।

पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रदेश में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी शुरू कर दी है। कल कांग्रेस और सपा-रालोद गठबंधन ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। कांग्रेस ने कल एक सौ पच्चीस उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की और शाम होने तक समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन ने भी उन्तीस प्रत्याशियों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने अपनी सूची में पचास महिलाओं को टिकट देकर महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है।

विधानसभा में पार्टी विधायक दल की नेता आराधना मिश्र मोना प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से एक बार फिर चुनाव मैदान में उतर रही हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तमकुही राज कुशीनगर से चुनाव मैदान में होंगे। पार्टी के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल फरूखाबाद सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस खुर्शीद, नोएडा से पार्टी प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, पिंडरा वाराणसी से अजय राय, किदवई नगर कानपुर से अजय कपूर और हुसेनगंज फतेहपुर से शिवाकांत तिवारी शामिल हैं। सपा-रालोद गठबंधन ने भी अपने  उन्तीस उम्मीदवारों की सूची जारी की है। जिसमें सपा के दस और रालोद के उन्नीस प्रत्याशी शामिल हैं। समाजवादी पार्टी ने अलीगढ़ से जफर आलम, कैराना से नाहिद हसन, आगरा कैंटं से कुंवर सिंह और मेरठ से रफीक अंसारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने भी पिछले तीन दिनो के दौरान नई दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय चुनाव की समिति की बैठक की है। जिसमें कई उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी गयी है। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि जल्द ही अपनी पहली सूची जारी कर दी जायेगी।

Leave a Comment