BHRNEWS

गन्ने की खेती के प्रति किसानों का तेजी से बढ़ रहा रूझान

बस्ती ( जितेन्द्र उपाध्याय )। गन्ने की बुवाई के प्रति किसानों का तेजी से रूझान बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश चीनी और गन्ना विकास निगम लिमिटेड मुण्डेरवा परिक्षेत्र में इस पर काम कर रहा है। निगम के पदाधिकारियों का कहना है कि मानसून के समय गन्ने की बुवाई कर किसान अधिक पैदावार हासिल कर सकते हैं।
मुण्डेरवा चीनी मिल के मुख्य गन्ना प्रबंधक कुलदीप द्विवेदी ने मिल प्रबंधन के देखरेख में गन्ना बुवाई अभियान चला रहे हैं। उन्होंने इस दौरान किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि फसल का अधिक लाभकारी दाम दिलाने के लिए मिल प्रबंधन हर संभव प्रयास कर रही है। गन्ना एक प्रमुख नगदी फसल है जिसकी खेती से किसानों को काफी आमदनी होने की सम्भावना रहती है। प्रबंधक ने कहा कि मानसून के मौसम में गन्ने की बुवाई कर किसान अधिक से अधिक पैदावार हासिल कर सकते हैं। गन्ने की खेती के लिए किसानों को सभी आवश्यक उपकरण, उर्वरक, कीटनाशक समेत अन्य रसायन अनुदानित दर पर सरकार मुहैया करा रही है। मिल के प्रधान प्रबंधक अभिषेक पाठक ने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
कार्य दाई संस्था एलएसएस के महाप्रबंधक गन्ना डा. वीके द्विवेदी ने कहा कि ट्रेंच और रिंग पीट विधि से गन्ने की खेती के लिए हमारे कर्मचारी किसानों को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसका असर हर तरफ देखने को मिल रहा है। हमारी कोशिश है कि हर किसान गन्ने के साथ सह फसली खेती करे। जिससे किसान दोहरा लाभ हासिल कर सकें। मानसून गन्ना बुवाई अभियान के तहत ग्राम कोरियार के किसान पलटू राम, रामाज्ञा और रिंकु ने सीओएस 13235 प्रजाति के गन्ने की बुवाई की। गन्ने की बुवाई के पूर्व कार्बनडाजिम मेंकोजेब, इमीडाकलोपीड से बीज शोधन का कार्य किया गया। इस दौरान वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक मनोज तिवारी, सीनियर सीडीओ निरंजन सिंह, सुपर वाइजर किशन कुमार गुप्ता समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment