BHRNEWS

दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में एक गैंगस्टर और दो अपराधी मारे गये

नई दिल्ली : दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में अपराधियों ने एक गैंगस्टर को फिल्मी स्टाईल में मार गिराया। पुलिस के अनुसार गैंगस्टर जितेन्द्र उर्फ गोगी को पेशी के लिए जेल से न्यायालय लाया गया था। वह तिहाड़ जेल में बंद था। कोर्ट परिसर में ही उस पर अपराधियों ने हमला कर दिया। जिसमें गोली लगने से उसकी मौत हो गयी। इस हमले में जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो अपराधियों को मार दिया। दोनों हमलावर अधिवक्ता की पोशाक पहनकर न्यायालय में आये थे। जिससे उन पर किसी को संदेह नहीं हुआ। हमला करने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने की कार्रवाई कर रही है। जितेन्द्र को दिल्ली पुलिस ने वर्ष दो हजार बीस में गिरफ्तार किया था। उस पर आठ लाख रूपये का इनाम भी था। उसके उपर हत्या, अपहरण और पुलिस पर हमला करने जैसे कई मामले दर्ज थे। गोगी पर अपनी मां की हत्या करने का भी आरोप था। उसने हरियाणा की गायिका सह नृत्यांगना दहिया की भी हत्या की थी। मारे गये गैंगस्टर गोगी ने तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान ही दुबई के एक व्यवसायी से पांच करोड़ रूपये रंगदारी की मांग की थी। हमले के बाद पूरे न्यायालय परिसर का परिदृश्य ही बदल गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। जिस कोर्ट रूम में यह घटना घटी वहां पर बैठे वकील पूरी तरह दहशत में थे। कोई भी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। जानकारों के अनुसार एक महिला अधिवक्ता घायल हुई है लेकिन उसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद अधिवक्ता और वहां आये लोग डर से इधर-उधर भागने लगे। पूरा न्यायालय तत्काल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। बड़े-बड़े पुलिस अधिकारी पहुंच गये। सभी ने अपने तरीके से छानबीन शुरू कर दी। बाद में अधिवक्ताओं के एक समूह ने कहा कि सुरक्षा मामले में कहीं न कहीं चूक हुई जिसके कारण यह घटना घटी है।

Leave a Comment