BHRNEWS

साफ सुथरा और अगोला रहित गन्ने की ही आपूर्ति करें किसान : प्रधान प्रबंधक

पर्ची जारी होने के 72 घंटे के अंदर गन्ने की तौल करायें

सामान्य और अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना अगेती की पर्ची पर नहीं लायें

साफ – सुथरा गन्ना आपूर्ति करने वाले किसान होंगे पुरस्कृत

बस्ती। उत्तर प्रदेश चीनी और गन्ना विकास निगम लिमिटेड मुण्डेरवा इकाई के चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू हो गयी है। मिल प्रबंधन ने किसानों से साफ सुथरा और अगोला रहित गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की है। जिससे मिल को सुचारू रूप से चलाने में कोई बाधा नहीं आये।

मिल के प्रधान प्रबंधक अभिषेक पाठक ने क्षेत्र के  पिपरा शुक्ल गांव  के किसान मेहीलाल और  चोकहर के संतराम को साफ सुथरा गन्ना आपूर्ति करने के लिये अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधान प्रबंधक ने कहा कि  साफ सुथरा गन्ने की आपूर्ति करने वाले किसानों को  हर संभव  मदद की जायेगी। साथ ही उन्हें सम्मानित करने का क्रम जारी रहेगा। श्री पाठक ने कहा कि उन्हें मिल की ओर से संचालित योजनाओं से लाभान्वित करने के दौरान प्राथमिकता भी दी जायेगी।  उन्होंने कहा कि कुछ किसानों ने पेराई के लिए जड़ पत्ती और अगोला सहित गन्ना भेज दिया है। जिससे मिल को गन्नों की पेराई में कठिनाईयों  का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान प्रबंधक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि मिल में पेराई के लिए साफ सुथरा, जड़, पत्ती और अगोला रहित ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें।  खराब गन्ने के चलते उसकी पेराई पर असर पड़ता है।  साथ ही चीनी की परता के औसत में भी कमी आती है।

उन्होंने कहा कि सप्लाई पर्ची प्राप्त होने के उपरांत ही गन्ने की छुलाई करते हुए मिल को ताजा और साफ सुथरा गन्ना की आपूर्ति सुनिश्चित करें। किसान  यह ध्यान रखें  कि जारी पर्ची की वैधता 72 घंटे की ही रहती है।  इसलिए तय  समय सीमा के अंदर ही गन्ने की आपूर्ति कर दें।  श्री पाठक ने कहा कि अगेती प्रजाति के पर्ची पर सामान्य या अस्वीकृत प्रजाति का गन्ना किसी भी हाल में मिल पर लेकर किसान नहीं आये। ऐसी परिस्थिति में किसानों को परेशानी के अलावा कुछ नहीं मिलेगा। उन्हें गन्ने के साथ वापस लौटना होगा।

Leave a Comment