BHRNEWS

होमियोपैथी के स्व0 डॉक्टर सुरेश चन्द्र वर्मा की तीसरी पुण्य तिथि पर लोगों ने दी श्रद्धाजंलि

पटना: बिहार के वैशाली जिले के प्रशासनिक मुख्यालय हाजीपुर शहर में होमियोपैथिक चिकित्सक स्वर्गीय डॉक्टर सुरेश चन्द्र वर्मा की तीसरी पुण्य तिथि मनायी गयी। कार्यक्रम का उद्घाटन एच.एम.ए.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर रामजी सिंह, राजापाकर की विधायक प्रतिमा कुमारी, पूर्व विधायक डॉ0 अच्युतानंद सिंह और राजद के प्रदेश महासचिव देव कुमार चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया। विधायिका प्रतिमा ने कहा कि होमियोपैथी वर्तमान समय में लोगों की मांग बन चुकी है। उन्होंने स्व0 वर्मा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने होमियोपैथी को एक उंचाई दी। गम्भीर बीमारियों का ईलाज होमियोपैथी में है और स्व0 वर्मा ने कई लोगों को इस पैथी से स्वस्थ किया। डॉक्टर रामजी सिंह ने कहा कि होमियौपैथी विश्व की सर्वोत्तम चिकित्सा पद्धति है। यह एक ऐसी पद्धति है जिससे दूसरी बीमारियां नहीं पनपती। अन्यथा अन्य पैथियों में इसकी सम्भावना ज्यादा है। उन्होंने केन्द्र की वर्तमान सरकार को बधाई देते हुए कहा कि पहले होमियोपैथी का विभाग होता था लेकिन अब एक मंत्रालय इसके लिए काम कर रहा है। राजद महासचिव श्री चौरसिया ने कहा कि स्व0 वर्मा ने होमियोपैथी को जिला में स्थापित करने का काम  किया है। वर्ष 1964 में होमियौपैथी को स्व0 वर्मा हाजीपुर शहर में लेकर आये जब यह एक छोटा सा शहर था। उस समय अन्य चिकित्सा की पद्धतियां भी इस शहर में नहीं थी। उस समय एक जीवन संजीवनी बनी थी होमियोपैथी। मौके पर सभा को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम की  अध्यक्षता कर रहे स्व0 वर्मा के पुत्र डॉक्टर प्रभात किरण वर्मा ने अपने क्लीनिक पर प्रत्येक रविवार को मुफ्त ईलाज करने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान एक स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगायी गयी थी जिसमें लगभग तीन सौ लोगों की जांच की गयी और होमियोपैथी की दवा मुफ्त दी गयी। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ0 अजीत कुमार सिंह, डॉक्टर संजीव कुमार सिन्हा, जिला विधिज्ञ संघ के पूर्व सचिव अधिवक्ता श्याम किशोर ठाकुर, राकेश रंजन रिक्कू, अरूण सिंह, ज्योतिष कुमार सिन्हा, निरूपम कुमार, कामेश्वर कुमुद, डॉक्टर प्रतीक यशस्वी, श्रेयश सिंह, सुनील दास समेत अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किया।

Leave a Comment