BHRNEWS

शिक्षकों की हड़ताल स्थगित, स्थिति सामान्य होने के बाद फिर होगी वार्ता

पटना : बिहार में चल रही शिक्षकों की हड़ताल को बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्थगित कर दिया है। संघ के अध्यक्ष केदारनाथ पाण्डेय ने राज्य सरकार से वार्ता के बाद कहा कि कोरोना संकट को देखते हुए हड़ताल को सरकार ने स्थगित करने की अपील की थी, जिसके बाद उसे स्थगित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आश्वासन दिया है कि कोरोना महामारी के बाद जब स्थिति सामान्य हो जायेगी उसके बाद शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ सरकार वार्ता करेगी और उनकी मांगों पर विचार कर उसका समाधान करेगी। श्री पाण्डेय ने कहा है कि हड़ताल के समय जिन शिक्षकों पर प्राथमिकी और निलंबन जैसी कार्रवाई हुई है उसे वापस कर लिया गया है।

राज्य सरकार ने हड़ताल के समय के 12 दिन को छुट्टियों में सामंजित करते हुए हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान करने की बात कही है। वार्ता के समय शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आर.के. महाजन, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक गिरिवर दयाल सिंह और विनोदानंद झा उपस्थित थे। अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि अपर मुख्य सचिव श्री महाजन ने संघ को एक पत्र भेजा, जिसमें संघ की मांगों पर कोरोना महामारी के बाद सामान्य स्थिति होने के बाद वार्ता करने समेत अन्य बातें कही गयी थीं।

जिसके बाद संघ ने वार्ता की है। जिसमें सभी बातों को तय किया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी जिले के शिक्षक संघों से बात कर आगे की रणनीति तय की जायेगी। श्री पाण्डेय ने कहा कि जब तक देश और राज्य में लॉकडाउन की स्थिति है जो शिक्षक जहां हैं वहीं से अपने विद्यालय प्रधान को योगदान करने की सूचना दे देंगे। जिसे विद्यालय प्रधान सम्बधित अधिकारियों को प्रेषित करेंगे।

Leave a Comment