BHRNEWS

विश्व में कोरोना वायरस से 34 हजार मरे, 7 लाख संक्रमित

नई दिल्ली : कोरोना वायरस का प्रकोप विश्व में रूकने का नाम नहीं ले रहा है। वायरस के संक्रमण से अब तक लगभग 34 हजार लोगों की जानें जा चुकी हैं, जबकि 7 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो गये हैं। जिनका इलाज किया जा रहा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि यूरोपीय क्षेत्र में अब तक लगभग 21 हजार लोगों की जान चली गयी है। इसी प्रकार प्रशांत क्षेत्र में 36 सौ लोगों को इस बीमारी ने अपना ग्रास बना लिया है। पश्चिमी क्षेत्र में 26 सौ और एशियाई क्षेत्र में 140 लोगों की जान चली गयी है।

भारत में भी इसके मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अब तक एक हजार लोग इससे संक्रमित हो गये हैं। मरने वालों की संख्या 30 तक पहुंच चुकी है।

अमेरिका में यह बीमारी विकराल रूप ले चुकी है। जिससे अमेरिकी प्रशासन हैरान है। अब मरने वालों की संख्या लगभग 25 सौ पहुंच चुकी है जबकि डेढ़ लाख के करीब संक्रमित हो चुके हैं।

इटली में इस बीमारी से लगभग 11 हजार लोगों की जानें जा चुकी है और 98 हजार के करीब संक्रमण के शिकार बने हुए हैं।

स्पेन में मरने वालों की संख्या 7325 हो गयी है जबकि संक्रमित लोगों की संख्या 85 हजार के करीब पहुंच गयी है।

फ्रांस में 26 सौ लोगों की जान चली गयी है और 40 हजार लोग संक्रमित बताये जा रहे हैं।

ईरान में इस बीमारी की चपेट में लगभग 41 हजार लोग हैं। मरने वालों की संख्या 27 सौ से अधिक पहुंच गयी है।

ब्रिटेन में 12 सौ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस देश में मरने वालों की संख्या 19 हजार से अधिक है।

सउदी अरब में आठ लोगों की मौत हो गयी है, जबकि 1250 लोग संक्रमित बताये जा रहे हैं।

Leave a Comment