BHRNEWS

झारखंड के पहले चरण में 63 प्रतिशत लोगों ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग

रांची : झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़ कर शांतिपूर्ण रहा। पहले चरण में लगभग 63 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।  इस दौरान कुछ स्थानों पर नक्सलियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे नाकाम कर दिया। दो स्थान पर बम विस्फोट किये गये जबकि डालटनगंज में एक स्थान पर कुछ लोग उलझ गये। जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर लिया। सुबह होते ही मतदाता कतार में लग गये और जम कर मतदान किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मतदान में हिस्सा लिया। तेरह सीट पर हुए मतदान में पहले दो घंटे में मतदान तेज रहा इसके बाद कुछ धीमा पड़ा लेकिन शाम होते होते अधिकांश मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकांश नक्सल प्रभावित होने के कारण मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया और तीन बजे समाप्त हो गया। कुछ स्थानों पर हुई घटनाओं की जानकारी चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। कुछ स्थानों पर इवीएम खराबी की सूचना भी आयी लेकिन उसे समय रहते ठीक कर लिया गया। इस चरण में सबसे कम प्रत्याशी चतरा में हैं जबकि सबसे ज्यादा भवनाथपुर सीट से हैं। 15 महिला प्रत्याशी भी इस चरण में अपने भाग्य को आजमा रही हैं। इस चरण में एक पूर्व केंद्रीय मंत्री, एक वर्तमान मंत्री, नौ पूर्व मंत्री, 10 वर्तमान विधायक और एक कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया है।

Leave a Comment