BHRNEWS

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बीस जून को बिहार से शुरू करेंगे गरीब कल्याण रोजगार अभियान

नई दिल्ली : गांव के  लोगों और दूसरे राज्यों से वापस आए प्रवासी  श्रमिकों को सशक्त बनाने और आजीविका के  अवसर प्रदान करने  के लिए  भारत सरकार  ने एक व्यापक  ग्रामीण सार्वजनिक  कार्य योजना  ‘गरीब  कल्याण रोजगार अभियान’  शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून, 2020 को  सुबह  11 बजे  बिहार से इस अभियान की शुरूआत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री  और  उपमुख्यमंत्री  की मौजूदगी  में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग  के माध्यम में इस अभियान की  शुरुआत  करेंगे। यह अभियान बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड के तेलिहार गांव से शुरू होगा।  देश के पांच  अन्य राज्यों  के मुख्यमंत्री  और  संबंधित  मंत्रालयों  के  केंद्रीय मंत्री भी  इस  वर्चुअल लॉन्च में शामिल होंगे। कोविड-19  महामारी  के मद्देनजर सामाजिक  दूरी  के  नियमों  का  पालन करते  हुए 6  राज्यों  के 116  जिलों के  गांव  सार्वजनिक  सेवा केंद्रों और कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से इस कार्यक्रम में जुड़ेंगे। 125 दिनों  का  यह अभियान  मिशन मोड में  चलाया जाएगा।  50 हजार करोड़  रुपये के फंड से  एक तरफ  प्रवासी श्रमिकों  को रोजगार  देने के लिए विभिन्न  प्रकार के 25 कार्यों का  तीव्र और  केंद्रित  होकर क्रियान्वयन होगा,  तो दूसरी  तरफ देश  के ग्रामीण  क्षेत्रों में  बुनियादी  ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

116 जिलों के 25 हजार से ज्यादा प्रवासी श्रमिकों के साथ इस अभियान में बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा इन 6 राज्यों को चुना गया है, जिसमें इच्छा जताने वाले 27 जिले शामिल हैं। इन जिलों से दो तिहाई प्रवासी श्रमिकों के लाभान्वित होने का अनुमान है।

यह अभियान 12 विभिन्न मंत्रालयों/विभागों ग्रामीण विकास,  पंचायती राज,  सड़क परिवहन  एवं  राजमार्ग,  खान,  पेयजल  और स्वच्छता,  पर्यावरण, रेलवे, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस,  नई और नवीकरणीय ऊर्जा, सीमा सड़क, दूरसंचार और कृषि का एक समन्वित प्रयास होगा।

 

Leave a Comment