BHRNEWS

छपरा के सांस्कृतिक कार्यक्रम में मूक बधिर बच्चों ने बिखेरा जलवा

पटना : देश और प्रदेश में सतहत्तरवें स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। जिलों से लेकर प्रत्येक शिक्षा संस्थान और अन्य स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बिहार के सारण जिले के प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम मो0 मुमताज आलम ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर एसडीओ संजय कुमार राय ने कहा कि संगीत से दल की भावना विकसित होती है। इसमें कई लोगों की सहभागिता रहती है। प्राथमिक शिक्षा और समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी धनजंय पासवान ने कहा कि किसी विशेष दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन काफी महत्वपूर्ण होता है। इसमें बच्चों की सहभागिता होती है। जो उनका मनोबल बढ़ाती है।

कार्यक्रम में छपरा शहर में स्थित एस0डी0एस0 के बच्चों ने अपने समूह नृत्य से लोगों  का मन मोह लिया और पहले स्थान पर कब्जा जमाया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गड‍्खा  की बोलने और सुनने में अक्षम बच्चों ने अपना जलवा बिखेरा। उन्हें दूसरा स्थान मिला। तीसरे स्थान पर छपरा के संस्कृति द मॉडल स्कूल के बच्चे रहे। इसके साथ ही कार्यक्रम में बी0बी0 राम नगरा, प्लस टू उच्च विद्यालय नवादा चैनवा, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय छपरा, केन्द्रीय विद्यालय छपरा समेत अन्य कई विद्यालयों के बच्चों ने भी अपने कार्यक्रमों से उपस्थित लोगों को ताली बजाने पर विवश किया।

कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में जिले के संगीत शिक्षक शामिल थे। जिनमें सोनपुर प्रखंड के महदलीचक के रघुवीर सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मनोज कुमार सुमन, बरदहियां के गांधी स्मारक उच्च विद्यालय के राकेश चंद्र मिश्रा, परसा प्रखंड के परसौना के जे0 डी0 प्रोजेक्ट महिला इंटर स्तरीय विद्यालय के गोविन्द वल्लभ, बनियापुर प्रखंड के एम0 डी0 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्हौली की डॉक्टर मधुलिका कुमारी और नगरा प्रखंड के रामपुर कला के राणा प्रताप उच्च विद्यालय के विवेक समदर्शी शामिल थे।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अजय कुमार, मनोज कुमार, संगीत शिक्षक अजय राम, संगीत शिक्षिका हैप्पी श्रीवास्तव, प्रियंका कुमारी, सोनम कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका चंचला तिवारी, शिक्षक नदीम अख्तर और संजय भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Comment