BHRNEWS

दूसरे चरण का प्रचार समाप्त, 1463 उम्मीदवार चुनावी मैदान में आजमा रहे किस्मत

पटना : बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में 03 नवंबर को होने वाले 94 सीटों पर मतदान के लिए आज शाम छह बजे प्रचार का शोर थम गया।
दूसरे चरण में जिन सीटों पर मतदान होगा उनमें सुरक्षित क्षेत्रों में हरसिद्धि (सु), राजनगर (सु), कुशेश्वरस्थान (सु), भोरे(सु), दरौली (सु), गरखा (सु), राजापाकर (सु),  रोसड़ा (सु), बखरी (सु), अलौली (सु),  पीरपैंती (सु), राजगीर (सु), फुलवारीशरीफ (सु) शामिल हैं जबकि नौतन, चनपटिया, बेतिया,  गोविंदगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पिपरा, मधुबन, शिवहर, सीतामढ़ी, रुनीसैदपुर, बेलसंड, मधुबनी, झंझारपुर, फुलपरास, गौराबौराम, बेनीपुर, अलीनगर,  दरभंगा ग्रामीण, मीनापुर, कांटी, बरूराज, पारु, साहिबगंज, बैकुंठपुर, बरौली, गोपालगंज, कुचायकोट, हथुआ, सीवान, जीरादेई, रघुनाथपुर, दरौंदा, बड़हरिया, गोरियाकोठी, महाराजगंज, एकमा, मांझी, बनियापुर, तरैया, मड़हौरा, छपरा, अमनौर, परसा, सोनपुर, हाजीपुर, लालगंज, वैशाली, राघोपुर, महनार, उजियारपुर, मोहिउद्दीन नगर, विभूतिपुर, हसनपुर, चेरिया बरियारपुर, बछवाड़ा, तेघरा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय, खगड़िया, बेलदौर, परबत्ता, बिहपुर, गोपालपुर, भागलपुर, नाथनगर, अस्थावां, बिहारशरीफ, इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा, हरनौत, बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, फतुहा, दानापुर और मनेर शामिल हैं।
इन 94 विधानसभा सीट के लिए 146 महिला, 1316 पुरुष और एक ट्रांसजेंडर प्रत्याशी समेत 1463 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। प्रत्याशियों की संख्या के अनुसार महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 27 और दरौली (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम चार प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में 41362 मतदान केंद्र पर दो करोड़ 86 लाख 11 हजार 164  मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक करोड़ पचास लाख 33 हजार 34  पुरुष, एक करोड़ 35 लाख 16 हजार 271 महिला,  980 थर्ड जेंडर और साठ हजार 879 सेवा मतदाता शामिल हैं। सेवा मतदाताओं में संतावन हजार तीन सौ पुरुष और तीन हजार पांच सौ उनासी महिला हैं।

इस चरण के मुख्य प्रत्याशी हसनपुर से राजद के तेज प्रताप यादव और मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर से चुनावी मैदान में हैं।

इस चरण में पांच मंत्रियों के भाग्य का भी फैसला होगा। जिनमें जदयू के श्रवण कुमार नालंदा से और रामसेवक सिंह हथुआ से चुनाव मैदान में हैं जबकि भाजपा के नंद किशोर यादव पटना साहिब से और राणा रणधीर मधुबन से उम्मीदवार हैँ। इसके साथ ही फिल्म अभिनेता शत्रुध्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा बांकीपुर विधानसभा से, शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी बिहारीगंज से, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार के भतीजा पप्पू सिंह कांग्रेस के टिकट पर लालगंज विधानसभा क्षेत्र से भाग्य आजमा रहे हैं। दूसरे चरण में 43 सीट पर जदयू के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें 15 नये प्रत्याशी हैं। नये प्रत्याशियों में केसरिया से शालिनी मिश्रा, फुलपरास से शीला मंडल, एकमा से सीता देवी, मांझी माधवी सिंह चुनाव मैदान में हैं। बेलसंड से सुनीता सिंह चौहान और चेरिया बरियारपुर से कुमारी मंजू वर्मा शामिल हैं।

इस चरण पर बाहुबल भी दिखेगा। इसमें मटिहानी से बोगो सिंह, एकमा से धूमल सिंह की पत्नी सीता देवी, खगड़िया से रणवीर यादव की पत्नी पूनम देवी और कुचायकोट से अमरेन्द्र पाण्डेय प्रत्याशी हैं। राजद ने आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद को उतारा है। जबकि पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला लालगंज से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Leave a Comment